Wednesday, January 19, 2011

डेढ़ सौ रुपये का सिक्का जारी

डेढ़ सौ रुपये का नोट भले आपने न देखा हो, मगर सिक्का जरूर आपके हाथ में जल्दी आ जाएगा। यह सिक्का रवींद्र नाथ टैगोर की 150 वीं जयंती पर भारतीय रिजर्व बैंक ने जारी किया है। इसे बुधवार को इंदौर में प्रदर्शित किया गया। इसे कोलकता स्थित भारत सरकार के टकसाल में बनाया गया है।

यह सिक्का 35 ग्राम का है, इसमें 50 फीसदी चांदी, 40 फीसदी तांबे के अलावा पांच-पांच फीसदी निकिल व जिंक का इस्तेमाल किया गया है। इस सिक्के के उपरी हिस्से में अशोक चिन्ह के अलावा सत्यमेव जयते दर्ज है, कुल मिलाकर ऊपरी हिस्सा अन्य सिक्कों जैसा ही है, मगर पिछले भाग पर रवींद्र नाथ टैगोर का चित्र दर्ज है। साथ ही उनकी 150 जयंती का जिक्र किया गया है।

इंदौर में बुधवार को प्रदर्शित किए गए इस सिक्के को एक विशेष पुस्तिका (सोवेनियर) में रखा गया है, इसमें रवींद्र नाथ टैगोर की कविता है और पांच का एक सिक्का भी है।

भारतीय स्टेट बैंक के विपणन कार्यपालक निदेशक सुरेश शुक्ला ने बताया है कि डेढ़ सौ रुपये के सिक्के का व्यास 4० मिलीमीटर है। सिक्के जारी करने की श्रंखला में रिजर्व बैंक की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर 75 रुपये और राष्ट्रमंडल खेल पर 1०० रुपये का सिक्का जारी किया जाएगा। इतना ही नहीं 1० रुपये का पॉलीमर नोट भी जल्दी आ जाएगा।

Tuesday, January 18, 2011

दौड़ती कार में स्कूली छात्रा से बलात्कार

गाजियाबाद में तीन बिगड़ैल रईसजादों ने अपने ही स्कूल की सहपाठी से चलती कार में दिनदहाड़े दो घंटे तक गैंगरेप किया और लड़की को कार से फेंक कर फरार हो गए। शहर के व्यस्ततम इलाके में हो रही इस घटना से लोग और पुलिस भी बेखबर रही क्योंकि कार पर अवैध रूप से जेड ब्लैक शीशा लगा था। उच्चधिकारियों से शिकायत करने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार कब्जे में ले लिया है।


सिहानी गेट थाना अंतर्गत सिकरोड़ निवासी नितिन डागर, अंकित डागर, मोनू उर्फ मोहित, कैला भट्टा निवासी रिजवान और सीमा (17 बदला हुआ नाम) राजनगर सेक्टर-2 स्थित महावीर सिंह इंटर कालेज के छात्र हैं। इनमें से नितिन, रिजवान और सीमा 11वीं, मोनू 10वीं और अंकित डागर 12वीं का छात्र है। इन सबकी उम्र 18 से 20 वर्ष है।


12 जनवरी दिन में करीब 12 बजे रिजवान बाइक से प्रेमिका सीमा को लेकर राजनगर सेक्टर-23 जा रहा था। इसे नितिन ने देख लिया। इसके बाद नितिन और मोनू अंकित की कार से रिजवान का पीछा करने लगे। अंकित ने सिहानी गेट इलाके में गढ़ी के पास बाइक को ओवरटेक किया। उन्होंने रिजवान को पीटा और जान से मारने की धमकी देकर सीमा को जबरन कार में डालकर निकल गए। फिर सिहानी गेट और कविनगर के बीच तीनों ने सीमा के साथ रेप किया। राजनगर एक्सटेंशन होते हुए वह एएलटी कट के पास पहुंचे और सीमा को जान से मारने की धमकी दे नीचे फेंक कर चलते बने।


एक फैक्ट्री में सुपरवाइजर सीमा के पिता मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने सिहानी गेट थाने गए मगर उन्हें उल्टे पैर लौटा दिया गया। उन्होंने जब उच्च अधिकारियों से शिकायत की, तब जाकर रविवार को कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। एसएसपी रघुवीर लाल का कहना है कि तीनों आरोपी रईसजादे हैं और उनके परिजनों को मुआवजा का पैसा मिला हुआ है। जिस गाड़ी में रेप हुआ वह अंकित के पिता ने उसे गिफ्ट में दी थी।

गाजियाबाद में चलती कार में रेप
-16 मार्च 2010
खोड़ा कॉलोनी, इंदिरापुरम स्थित एक सुरक्षाकर्मी की 23 वर्षीया बेटी को रात साढ़े 8 बजे दो सगे भाई दिनेश और मुकेश ने जबरन कार में बैठा लिया व उसके साथ रेप कर नोएडा में फेंक दिया।

-22 जून 2010
17 वर्षीय युवती शहर कोतवाली स्थित सिल्वर सिटी के बाहर ऑटो का इंतजार कर रही थी, जिसे अनिल यादव ने अपने अन्य तीन दोस्तों की सहायता से जबरन कार में डालकर गैंगरेप किया।

-15 जुलाई 2009
12वीं की छात्र स्कूल से घर लौट रही थी, तभी राजेंद्र नगर के पास उसके साथी दो दोस्तों ने लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाया और साहिबाबाद स्थित एक अपार्टमेंट में गैंगरेप किया।

-31 अगस्त 2003
25 वर्षीय युवती एक जन्मदिन पार्टी से लोनी स्थित घर लौट रही थी तभी उसके पड़ोसी मोहम्मद कादिर, इमरान, सलमान और आजिम ने जबरन कार में बैठाकर उसके साथ गैंगरेप किया।

-25 जुलाई 2007
दिल्ली की युवती के साथ इंदिरापुरम के वैशाली निवासी तीन लड़कों ने अगवा कर कार में गैंगरेप किया।

मुंबई में आईओसी तेल डिपो में भीषण आग

नवी मुंबई स्थित इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड (आईओसी) के तेल भंडारण डिपो में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। पुलिस के मुताबिक रात दो बजे नवी मुंबई के तोलजा-एमआईडीसी इलाके में स्थित डिपो के सुरक्षाकर्मी ने डिपो में आग लगने की सूचना दी। दुर्घटना में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।

अधिकारी के मुताबिक, लुब्रिकेंट ऑइल के डिब्बों से आग की शुरुआत हुई। गोदाम में 200 लीटर क्षमता वाले हजारों ड्रम रखे थे, जिन्होंने आग पकड़ ली। इससे लगभग 2 लाख लीटर तेल का नुकसान हो गया।

उन्होंने बताया कि आग से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग की लपटों पर नियंत्रण पा लिया गया है। अक्टूबर, 2009 में जयपुर के पास स्थित आईओसी डिपो में आग लग गई थी, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी।

घटनास्थल पर मौजूद नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त जावेद अहमद ने कहा, ''आठ घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है। अभी आग से हुए नुकसान का कोई आकलन नहीं हो पाया है।''

पुलिस के मुताबिक तोलजा-एमआईडीसी इलाके में स्थित डिपो के सुरक्षाकर्मी ने रात दो बजे डिपो में आग लगने की सूचना दी थी। आग बुझाने के काम में अग्निशमन दल की करीब 25 गाड़ियों को लगाया गया था। निकटवर्ती कस्बों ठाणे, अंबरनाथ और पनवेल से भी मदद बुलाई गई थी। आईओसीएल के अधिकारी इस घटना पर प्रतिक्रिया के लिए उपलब्ध नहीं हुए। अनुमान है कि आग से करीब दो लाख लीटर तेल का नुकसान हुआ है।

भारत से बाहर गया 104 अरब डॉलर

आर्थिक तरक्की के मामले में नए मुकाम बनाने का दावा करने वाला भारत काला धन के मामले में भी नया कीर्तिमान बना रहा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2000 से 2008 के दौरान 104 अरब डॉलर (करीब 4680 अरब रुपए) काला धन भारत से बाहर भेजा गया और इसके साथ ही काला धन विदेश भेजने वाले एशियाई देशों की सूची में उसका स्थान पांचवां था।

ग्लोबल फिनांशियल इंटेग्रिटी द्वारा किए गए अध्ययन के मुताबिक, 2000 से 2008 के बीच के नौ वर्षो में एशिया के जिन देशों ने सबसे ज्यादा काला धन विदेश भेजा, उनमें पहले पांच हैं, चीन, मलेशिया, फिलीपींस, इंडोनेशिया और भारत। ग्लोबल फिनांशियल इंटेग्रिटी वाशिंगटन-डीसी आधारित एक संस्था है। यह संस्था अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली में पारदर्शिता को बढ़ावा देने के मकसद से अनुसंधान करती है और सुझाव देती है।

संस्था की रिपोर्ट के मुताबिक, इन नौ वर्षों में चीन ने 2.2 खरब डॉलर, मलेशिया ने 291 अरब डॉलर, फिलीपींस ने 109 अरब डॉलर और इंडोनेशिया ने 104 अरब डॉलर विदेश भेजे। भारत ने भी इंडोनेशिया के बराबर काला धन विदेश भेजा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि औसतन, एशिया से जितना काला धन विदेश भेजा जाता है उसका 95.5 फीसदी इन्हीं पांच देशों का होता है। यदि सभी विकासशील देशों द्वारा भेजे जाने वाले कुल काले धन के संदर्भ में देखें तो उसमें इन पांच देशों का हिस्सा करीब 44.9 फीसदी ठहरता है। हालांकि, विकासशील देशों द्वारा भेजे जाने वाले कुल काले धन के संदर्भ में इन अव्वल पांच देशों की हिस्सेदारी में गिरावट देखी जा रही है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2000 में इन पांच देशों की हिस्सेदारी 53.3 फीसदी थी, लेकिन इसके आठ वर्ष बाद, 2008 में यह हिस्सेदारी 36.9 फीसदी दर्ज की गई। अध्ययन में पाया गया कि 2000 से 2009 के दस वर्षो में अपराध, भ्रष्टाचार और व्यापार में कीमत में हेरफेर जैसी चीजों के जरिए इन विकासशील देशों से लगभग 6.5 खबर डॉलर साफ कर दिए गए।

भारत 2008 में काला धन विदेश भेजने वालों में पांचवा सबसे बड़ा देश था, पर अब वह ऐसे विकासशील देशों की सूची में 15वें स्थान पर है। रिपोर्ट के अनुसार, उक्त सूची में भारत के नीचे की ओर खिसकने के पीछे ऐसे अवैध कारनामों को रोकने के लिए अपेक्षित नीतियों या शर्तों का कोई हाथ नहीं है।

Monday, January 17, 2011

डीडीए को जमीन पर कब्जे का आदेश, नमाज की इजाजत

दिल्ली उच्च न्यायालय ने सोमवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) से कहा कि उसकी जिस जमीन पर हाल ही में एक अवैध मस्जिद गिराई गयी है, वहां एक चहारदीवारी का निर्माण किया जाए और समुदाय के 10 सदस्यों को दो महीनों तक नमाज अदा करने की अनुमति दी जाए।

न्यायमूर्ति जीएस सिस्तानी ने कहा कि डीडीए चाहरदीवारी का निर्माण पूरा करेगा और समुदाय के 10 लोगों को दो महीने की अवधि तक नमाज अदा करने के लिहाज से आने के लिए ढाई फुट का एक गेट छोड़ेगा। इनके नाम डीडीए और पुलिस को सौंपे जाएंगे।

लोगों को डीडीए की जमीन में घुसने के लिए उकसाने के मामले में मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी तथा दिल्ली के तीन विधायकों के खिलाफ अवमानना कार्यवाही शुरू करने की मांग वाली याचिका पर अदालत को आज सुनवाई करनी थी। अदालत ने कहा कि इस स्तर पर इसे लेना जरूरी नहीं है।

न्यायमूर्ति सिस्तानी ने कहा कि मैं उद्देश्यपूर्ण ढंग से नेताओं के नाम नहीं ले रहा हूं जो खुद को इलाके का सूरमा समझते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी को कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में अवगत कराना उनकी जिम्मेदारी है जिसे इसकी जानकारी नहीं है।

प्याज के बाद अब खाद्य तेल ने बढ़ाई परेशानी

प्याज के बाद अब खाद्य तेलों की ऊंची कीमतों ने गृहणियों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले एक साल के दौरान खाद्य तेलों के दामों में 62 फीसदी तक का इजाफा हो चुका है, जिससे उपभोक्ताओं का रसोई का बजट बिगड़ चुका है।

विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले महीनों में खाद्य तेलों का खुदरा मूल्य मजबूत बने रहने की संभावना है और वैश्विक बाजार में ऊंची कीमतों के बीच खाद्य तेलों के दाम नीचे आने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार सूरजमुखी तेल, मूंगफली तेल, सरसों तेल, सोयातेल और वनस्पति जैसे खाद्य तेलों की कीमत 14 जनवरी तक एक साल पहले की तुलना में देश के विभिन्न भागों में 62 प्रतिशत तक बढ़ चुकी थी।

सबसे ज्यादा वृद्धि सूरजमुखी तेल में देखने को मिली जो 14 जनवरी को दिल्ली में 62 प्रतिशत बढ़कर 110 रुपये किलो हो गया है। एक साल पहले सूरजमुखी का तेल 68 रुपये किलो था। जबकि कोलकाता और चेन्नई में सूरजमुखी तेल की कीमत समीक्षाधीन अवधि के दौरान 75 से 85 रुपये किलो थी।

भारत ने अनिल वर्मा के मामले में ठुकराया ब्रिटेन का आग्रह

पत्नी के साथ मारपीट करने के आरोपी भारत के वरिष्ठ राजनयिक अधिकारी अनिल वर्मा के मामले में ब्रिटेन ने सोमवार को इस बात का खुलासा किया कि उसने भारत पर उनको दी गयी कूटनयिक छूट वापस लेने का दबाव बनाया था लेकिन भारत सरकार ने इस आग्रह को ठुकरा दिया।

गौरतलब है कि ब्रिटिश विदेश मंत्रालय ने भारत से मांग की थी कि वह वरिष्ठ राजनयिक आधिकारी को दी गई कूटनयिक छूट वापस ले ले या उन्हें लंदन से स्थानांतरित कर उनके खिलाफ भारतीय कानून के अनुसार कार्रवाई करे।

सूत्रों ने बताया कि इस पर भारत ने दूसरे विकल्प को चुना। लंदन में विदेश और राष्ट्रमंडल कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि हमने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में पदस्थापित एक राजनयिक अधिकारी को दी गयी कूटनयिक छूट वापस लेने की औपचारिक तौर पर गुजारिश की है।

प्रवक्ता ने बताया विदेश मंत्रालय ब्रिटेन में पदस्थ राजनयिकों द्वारा कानून का उल्लंघन करने को बर्दाशत नहीं करेगा। उन्होंने बताया इसके अलावा विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के कर्मचारियों से मुलाकात की और आरोपों की गंभीरता पर जोर दिया। दिल्ली में पदस्थापित ब्रिटिश उच्चायोग के कर्मचारियों ने भी वहां विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात की।